कोलंबो में पांच अक्टूबर को भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान :
भारत और पाकिस्तान की टीमें महिला वनडे विश्व कप मैच पांच अक्टूबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में तटस्थ स्थल पर एक-दूसरे का सामना करेंगी। आइसीसी ने सोमवार विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा की। इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्राफी और उसके बाद के मैचों के लिए स्वीकार किए गए हाइब्रिड माडल के अनुसार कोलंबो को तटस्थ स्थल के रूप में जोड़ा गया है। भारत ने तब आइसीसी चैंपियंस ट्राफी के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से मना कर दिया था।
भारत 2013 के बाद पहली बार इस वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा और सभी आठ टीमें राउंड राबिन प्रारूप में एक दूसरे से भिड़ेंगी। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 30 सितंबर को बेंगलुरु में श्रीलंका के विरुद्ध करेगा। टीम 26 अक्टूबर को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बांग्लादेश का सामना भी करेगी।
इससे आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के बाद इस स्थल के मैचों की मेजबानी के अधिकार खोने की अफवाहों का खंडन हो गया। आस्ट्रेलियाई टीम इस टूर्नामेंट की गत विजेता है, जबकि भारतीय टीम अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेगी। आस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत एक अक्टूबर को न्यूजीलैंड के विरुद्ध इंदौर में करेगी। वहीं पाकिस्तानी टीम अपने सभी मैच कोलंबो में खेलेगी।
ये टीमें लेंगी हिस्साः भारत, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश।
भारतीय महिला टीम का विश्व कप कार्यक्रम :-
तिथि मैच स्थान
30 सितंबर भारत बनाम श्रीलंका बेंगलुरु
5 अक्टूबर भारत बनाम पाकिस्तान कोलंबो
9 अक्टूबर भारत बनाम द. अफ्रीका विशाखापत्तनम
12 अक्टूबर भारत बनाम आस्ट्रेलिया विशाखापत्तनम
19 अक्टूबर भारत बनाम इंग्लैंड इंदौर
23 अक्टूबर भारत बनाम न्यूजीलैंड गुवाहाटी
26 अक्टूबर भारत बनाम बांग्लादेश बेंगलुरु
पहला सेमीफाइनल 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में होगा। अगर पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो इसे कोलंबो में कराया जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल बेंगलुरु में कराया जाएगा। फाइनल मैच दो नवंबर को बेंगलुरु या कोलंबो में कराया जाएगा। हालांकि बीसीसीआइ ने अभी तक स्थानीय संचालन समिति का गठन नहीं किया है।