श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं में सुधार किया है

Spread the love

 

उपराज्यपाल ने कहा : श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं में सुधार किया है।

जय बाबा बर्फानी और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ बुधवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पवित्र अमरनाथ गुफा गूंज उठी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ गुफा में प्रथम पूजा की, जिसके साथ ही वार्षिक यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई। हालांकि श्रद्धालुओं के लिए यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और शिव भक्तों का पहला जत्था जम्मू से दो जुलाई को कश्मीर में दोनों आधार शिविरों पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना होगा। प्रथम पूजा के बाद उपराज्यपाल ने शिव भक्तों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में यात्रा पर आएं और जम्मू-कश्मीर और देश की प्रगति के लिए महादेव से प्रार्थना करें। यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

अभेद्य है सुरक्षा, श्री अमरनाथ यात्रा पर आएं शिवभक्त :

उपराज्यपाल ने कहा कि श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने ने तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं में सुधार किया है और जम्मू कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों ने सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बना दिया है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और श्राइन बोर्ड तैयारियों में जुटा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों, सिविल सोसाइटी और सभी सेवा प्रदाताओं के अमूल्य योगदान की भी सराहना की।

उपराज्यपाल ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आवश्यक सुविधाओं और सेवाओं में अहम सुधार इस वर्ष की तीर्थयात्रा को सभी भक्तों के लिए यादगार और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक बनाएंगे। बता दें कि श्राइन बोर्ड हर साल ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पवित्र गुफा में प्रथम पूजा का आयोजन करता है। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 38 दिन की होगी और नौ अगस्त को रक्षा बंधन पर संपन्न होगी। प्रथम पूजा में पवित्र गुफा स्थल में सेना की 15 कोर के जीओसी, लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, श्राइन बोर्ड के सदस्य केएन राय, श्राइन बोर्ड के सीईओ व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

जम्मू में तवी नदी के किनारे हुई पूजा :

जम्मू में भी तवी नदी के किनारे ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से श्री अमरनाथ की प्रथम पूजा का आयोजन किया गया। सुबह हवन यज्ञ और शिव आराधना के बाद पूर्णाहुति हुई और पूरा क्षेत्र बम-बम भोले, जय बाबा बर्फानी के जयघोष से गूंज उठा। भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी किया गया।उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर पवित्र अमरनाथ गुफा में हिमलिंग की प्रथम पूजा में भाग लिया। श्री अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »