पार्टी अध्यक्ष खरगे बोले- क्या कुंभ मेले के दौरान हुई भगदड़ के बाद मुख्यमंत्री योगी ने इस्तीफा दिया था :
बेंगलुरु के चिन्ना स्वामी स्टेडियम में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत के मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के इस्तीफे की भाजपा की मांग को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को सवाल किया कि क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष कुंभ मेले के दौरान हुई भगदड़ के बाद इस्तीफा दिया था ? उन्होंने कहा कि यह एक आकस्मिक घटना थी। हमारे लोग इसके लिए माफी मांग चुके हैं।
मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने कहा- भाजपा की इस्तीफे की मांग राजनीति से प्रेरित, वह लोगों को करती है गुमराह :
सिद्दरमैया और शिवकुमार के दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा कि यह मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की शिष्टाचार भेंट थी। हमने भगदड़ की घटना, जाति जनगणना और प्रशासन से संबंधित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। हमने उन्हें बताया कि यह घटना नहीं होनी चाहिए थी और हमें पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए। उधर, चिक्कबल्लापुर से आइएएनएस के अनुसार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने बुधवार को भाजपा पर हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और झूठे बयानों के माध्यम से लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस्तीफे की मांग पूरी तरह से राजनीतिक कारणों से प्रेरित है। उन्होंने सवाल किया- “महाकुंभ मेले के दौरान 40 से 50 लोग भगदड़ में मारे गए। क्या किसी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगा।
आरसीबी फ्रैंचाइजी खरीदने की अफवाहों का किया खंडन :
एएनआइ के अनुसार, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) फ्रैंचाइजी खरीदने की अफवाहों का खंडन किया। उन्होंने कहा- “मैं पागल नहीं हूं। मैं तो बस अपने युवा दिनों से कर्नाटक क्रिकेट संघ का सदस्य हूं, बस इतना ही। मेरे पास समय नहीं है, हालांकि मुझे प्रबंधन का हिस्सा बनने के लिए प्रस्ताव मिले थे। मुझे आरसीबी की क्या जरूरत है ?




