ओपनर मार्करम (102) के करियर का आठवां टेस्ट शतक : मार्करम ने दिखाया पराक्रम :-
दक्षिण अफ्रीकी ओपनर एडेन मार्करम ने लॉर्ड्स पर शुक्रवार को ऐसा पराक्रम दिखाया कि अब उनकी टीम पहली बार विश्व विजेता बनने से सिर्फ 69 रन दूर है। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में 282 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए द. अफ्रीका ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 213/2 का स्कोर बना लिया है।
स्टंप्स के समय मार्करम (102*) के साथ कप्तान तेंबा बवूमा (65*) क्रीज पर थे। यह मार्करम का आठवां टेस्ट शतक है। वे किसी आईसीसी इवेंट के फाइनल में शतक लगाने वाले पहले साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया को अपना खिताब बचाने के लिए 8 विकेट की जरूरत है और अभी दो दिन का खेल बाकी है।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने नौवें नंबर पर 58 रन की जुझारू पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 207 रन तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए द. अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और ओपनर रिकेलटन (6) 9 रन के टीम स्कोर पर स्टार्क का शिकार बने। मुल्डर (27) भी सस्ते में आउट हुए। इसके बाद मार्करम व बवूमा ने संभलकर खेलते हुए टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया।
हालांकि, बवूमा को एक बार जीवनदान भी मिला। स्मिथ ने स्टार्क की गेंद पर स्लिप में बवूमा का आसान कैच छोड़ा। उस समय बवूमा सिर्फ 2 रन पर खेल रहे थे। कैच पकड़ने की कोशिश में स्मिथ चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। मार्करम चौथी पारी में लॉर्ड्स पर शतक जमाने वाले 16 साल में पहले विदेशी बने। साल 2009 में क्लार्क ने आखिरी बार ऐसा किया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 बार 250+ चेज कर चुका है अफ्रीका :
दक्षिण अफ्रीका ने अब तक टेस्ट में पांच बार 250 से अधिक का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है। इनमें से तीन बार उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा किया है। आखिरी बार उसने 2008 में पर्थ में 414 रन का लक्ष्य हासिल किया था।