झांसी से भाजपा विधायक राजीव सिंह परिवार संग कर रहे थे सफर, सीट को लेकर विवाद : वंदे भारत में यात्री को किया लहूलुहान,विधायक ने उसी के खिलाफ दी शिकायत :-

Spread the love

झांसी स्टेशन की घटना, मप्र कांग्रेस नेता ने एक्स पर पोस्ट कर घटना का जिक्र किया : वंदे भारत में यात्री को किया लहूलुहान,विधायक ने उसी के खिलाफ दी शिकायत :-

ग्वालियर से भोपाल जा रही बंदे भारत एक्सप्रेस के एक्जीक्यूटिव कोच में घुसकर झांसी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम यात्री राज प्रकाश को बुरी तरह पीटा गया। लहूलुहान यात्री का वीडियो पोस्ट करके मध्य प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने झांसी के बबीना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव सिंह के समर्थकों पर यात्री से मारपीट का आरोप लगाया।

हालांकि, घटना के बाद विधायक ने जीआरपी थाने में शिकायती पत्र देकर पीड़ित समेत दो यात्रियों पर ही अपने साथ अभद्रता और समर्थकों संग मारपीट का आरोप लगाया। उनकी शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर ली गई। पीड़ित रेल यात्री की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। रेलवे और जीआरपी अधिकारी घटना की जांच की बात कह रहे हैं।

पीड़ित यात्री के बगल में विधायक परिवार के साथ सफर कर रहे थे। आरोप है कि विधायक ने यात्री से सीट बदलने को कहा। इन्कार करने पर विधायक के समर्थक बताए जा रहे लोगों ने झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्री से मारपीट की।

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने एक्स पर पोस्ट करके घटना का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि भाजपा विधायक राजीव सिंह बंदे भारत में पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली से सवार हुए थे। विधायक का सीट नंबर 8 था। पत्नी कमली सिंह का सीट नंबर 50 और बेटे श्रेयांश सिंह का 51 था।

ट्रेन में सवार एक यात्री ने उन्हें घटना का वीडियो भेजकर बताया कि सीट नंबर 49 पर विंडो साइड पर बैठे यात्री राज प्रकाश से विधायक ने सीट बदलने को कहा, लेकिन उन्होंने पैर में तकलीफ होने का हवाला देकर इन्कार कर दिया। इसके बाद जैसे ही ट्रेन झांसी पहुंची तो उस कोच में कुछ लोग आ गए और सीट पर बैठे राज प्रकाश से मारपीट की। इससे उसकी नाक में फ्रैक्चर हो गया।

“यात्री के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है, लेकिन उसने किसी के खिलाफ झांसी में कोई शिकायत नहीं दी है। मामला ट्रेन में होने की वजह से जीआरपी को ही इसमें कार्रवाई करनी है” – मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, झांसी रेल मंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »