प्रेमी-प्रेमिका एक ही क्षेत्र के रहने वाले, रिश्ते में भतीजा बताया जा रहा युवक :
नवविवाहिता से मिलने शनिवार आधी रात को उसके ससुराल आए प्रेमी की आहट ससुरालियों को मिल गई। प्रेमी घिरा, तो प्रेमिका ने उसे संदूक में छिपा लिया। बीते बुधवार को ही विवाह बंधन में बंधी नई बहू के कमरे की तलाशी में संदूक से उसका प्यार निकला, तो पिटाई कर उसे बंधक बना लिया गया। अगली सुबह कुर्सी से बांधकर उसके मुंह पर कालिख पोत अपमानित किया गया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
मामला प्रकाश में आने पर पहुंची पुलिस ने बंधक बनाए गए प्रेमी को मुक्त कराया। इधर, हंगामे के बाद दोनों पक्षों में पंचायत चली और जमकर तकरार हुई। प्रेमी-प्रेमिका एक ही क्षेत्र तुर्कपट्टी के रहने वाले हैं। प्रेमी युवती का रिश्ते में भतीजा बताया जा रहा हैं। इधर, इस मामले में मंगलवार को प्रेमी की मां की तहरीर पर एक नामजद व तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
पति की तहरीर पर प्रेमी पर छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज:
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में गत चार जून को विवाह के बाद पांच जून को युवती विदा होकर ससुराल आई। गत शनिवार शाम को ससुराल के लोगों को रिश्तेदार के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में जाने की सूचना पाकर प्रेमिका ने प्रेमी को फोन कर बुला लिया। आधी रात को प्रेमिका से मिलने प्रेमी उसकी ससुराल पहुंच गया। खिड़की के रास्ते प्रेमिका ने उसे अंदर बुला लिया।
बरामदे में सोए पति को घर में किसी के होने की आहट मिली। आवाज देने पर पत्नी ने कुछ समय बाद दरवाजा खोला। संदूक पर रखे सामान को न देख उसे शक हुआ। उसने संदूक खोला तो अंदर छिपे युवक को देख अवाक रह गया। शोर मचाते हुए युवक को पकड़ कर बाहर लाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। प्रेमी की पिटाई कर लोगों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। मुंह पर कालिख पोत अपमानित किया।
यह खबर गांव में फैल गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। गांव पहुंची पुलिस ने प्रेमी को मुक्त कराया। उसके स्वजन को सूचना दी। थानाप्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।