ऑस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं ने पेनवेव नामक गेम बनाया है, जो पुरानी नसों के दर्द को कम करने में मदद करता है. यूएनएसडब्ल्यू के इस प्रोजेक्ट में हेडसेट और मोबाइल गेम का उपयोग होता है.

ऑस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं ने एक नया इंटरेक्टिव गेम बनाया है, जो पुरानी नसों के दर्द को कम करने में मदद कर सकता है. यह इलाज एक दवा-मुक्त विकल्प है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का नाम पेनवेव है. इसमें एक खास तरह की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है, जो नसों के दर्द से जूझ रहे मरीजों को उनके दिमाग की असामान्य गतिविधियों को नियंत्रित करने में मदद करता है. इस गेम को न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय (यूएनएसडब्ल्यू) के शोधकर्ताओं ने बनाया है. इसमें एक हेडसेट पहनाया जाता है, जो आपके दिमाग की तरंगों को जांचता है. जब आप यह गेम मोबाइल पर खेलते हैं, तो यह आपके दिमाग के स्वस्थ तरंगों की पहचान करता है और उन्हें पुरस्कृत करता है. यह बिना दवाई के घर बैठे दर्द को कम करने का आसान तरीका है. आइए जानते हैं कि आखिर कैसे करता है ये काम-
दवाओं के बराबर दर्द में राहत दिलाएगा गेम
यूएनएसडब्ल्यू की प्रोफेसर सिल्विया गुस्टिन ने बताया कि यह रिलैक्स और सकारात्मक कल्पनाएं जैसे मानसिक तरीकों से मरीजों के दिमाग की असामान्य गतिविधियों को धीरे-धीरे सामान्य करता है, जिससे दर्द में राहत मिलती है. यह शोध जनरल ऑफ पेन नाम की रिसर्च पत्रिका में प्रकाशित है.
यूएनएसडब्ल्यू के न्यूरोरिकवरी रिसर्च हब के डॉ. नेगिन हेसम-शरियाती ने कहा, “इस तकनीक की सबसे खास बात यह है कि इससे लोगों को लगा कि अब वे खुद अपने दर्द को नियंत्रित कर सकते हैं.” इस प्रोजेक्ट में हिस्सा लेने वाले लोगों ने कम लागत वाले ईईजी (इलेक्ट्रोएन्सेफेलोग्राम) हेडसेट और टैबलेट आधारित गेम का घर पर ही इस्तेमाल किया. इस दौरान शोधकर्ताओं ने उनकी निगरानी की.
यह हेडसेट 3डी प्रिंटिंग और ओपन-सोर्स पार्ट्स से बनाया गया है. इसकी कीमत करीब 193.7 डॉलर है, जो बाजार में मिलने वाले दूसरे हेडसेट्स की तुलना में काफी सस्ता है. प्रोफेसर गुस्टिन ने बताया कि पेनवेव को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह उन लोगों के लिए भी आसानी से उपलब्ध हो, जिनके पास दवाई या इलाज के पारंपरिक तरीकों तक पहुंच कम है.








