यूजीसी सख्तः 30 दिनों में छात्रों की ओर से अनिवार्य एंटी-रैगिंग व अनुपालन अंडरटेकिंग जमा कराने के निर्देश 

Spread the love

रैगिंग पर एम्स रायबरेली व एएमयू समेत 89 उच्च शिक्षण संस्थानों को नोटिस :-

30 दिनों में छात्रों की ओर से अनिवार्य एंटी-रैगिंग व अनुपालन अंडरटेकिंग जमा कराने के निर्देश  :

नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने रैगिंग रोकने के नियमों का अनुपालन नहीं करने पर एम्स रायबरेली, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) सहित देश के 89 उच्च शिक्षण संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही इन सभी को 30 दिनों के भीतर छात्रों की ओर से अनिवार्य एंटी रैगिंग अंडरटेकिंग और रैगिंग नियमों के अनुपालन की रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर संस्थानों को वित्तीय सहायता रोकने और मान्यता रद करने की चेतावनी दी है।

यूजीसी सख्तः निर्देशों का पालन न करने पर वित्तीय मदद और मान्यता रद करने की  चेतावनी :

यूजीसी ने जिन 89 उच्च शिक्षण संस्थानों को रैगिंग नियमों का अनुपालन नहीं करने पर नोटिस दिया है, उनमें राष्ट्रीय महत्व के शैक्षणिक संस्थान जैसे आइआइटी, आइआइएम, एनआइटी सहित केंद्रीय व राज्य विश्वविद्यालय शामिल हैं। यूजीसी के सचिव प्रोफेसर मनीष जोशी की ओर से जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए रैगिंग रोकने के उद्देश्य से 2009 में तैयार किए गए रेगुलेशन को सख्ती से लागू करना अनिवार्य है। सभी संस्थानों को इसके अनुपालन की रिपोर्ट भी हर वर्ष देनी जरूरी है। इनमें संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों की ओर से रैगिंग गतिविधियों में शामिल नहीं होने की अंडरटेकिंग भी शामिल है।

रैगिंग रेगुलेशन के तहत संस्थानों को करने हैं ये उपाय :

सभी संस्थान इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए। इस दौरान इसे लेकर कार्यशाला और सेमिनार का आयोजन किया जाए। इसमें नए और पुराने छात्रों के बीच परिचय कक्षाओं का आयोजन किया जाए, ताकि नए छात्रों के बीच डर और भ्रम दूर हो सके। इसके साथ ही छात्रावास, कैंटीन, गलियारों व परिसर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरे लगाने जरूरी हैं। रैगिंग की शिकायत पर उसमें शामिल छात्रों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। छात्रों की मदद के लिए संस्थान में एंटी रैगिंग कमेटी और हेल्पलाइन आदि का गठन किया जाए।

इन प्रमुख संस्थानों को दिया गया है नोटिस :

एम्स रायबरेली, आइआइटी बांबे, आइआइटी पलक्कड़, आइआइटी खड़गपुर, आइआइटी हैदराबाद, ट्रिपलआइटी सेनापति (मणिपुर), आइआइएम बेंगलुरु, आइआइएम रोहतक, आइआइएम तिरुचिरापल्ली, इग्नू दिल्ली, नालंदा विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय भोपाल शामिल है। इनमें अकेले करीब 64 राज्य विश्वविद्यालय शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »