बागेश्वर धाम में टेंट गिरने से मची अफरातफरी, एक श्रद्धालु की मौत, 10 श्रद्धालु घायल ,मृतक उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का निवासी :-
मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे टेंट गिरने से मची अफरा-तफरी में श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 10 श्रद्धालु घायल हो गए। कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के शुक्रवार को होने बाले जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं। मृतक की पहचान उप्र के बस्ती जिले के परशुरामपुर थाने के चौरी गांव निवासी स्यामलाल कौशल के रूप में की गई है।
धीरेंद्र शास्त्री के जन्मोत्सव के लिए देशभर से पहुंचे हैं श्रद्धालु :
जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र शास्त्री के जन्मोत्सव के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचे हैं।जन्मोत्सव कार्यक्रम के लिए लगे टेंट में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी। इसी दौरान तेज हवा के साथ वर्षा शुरू हो गई। तेज हवा से टेंट गिरा, जिसमें सभी श्रद्धालु दब गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी के दौरान टेंट में लगा लोहे की राड शरीर में घुसने से श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जो श्रद्धालु घायल हुए, उनमें एक की पहचान रामदयाल यादव निवासी कुशीनगर के रूप में हुई है।
बागेश्वर धाम के सेवादार घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां श्यामलाल को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मां के साथ दर्शन करने आई भीलवाड़ा की नेहा खटीक भी गंभीर रूप घायल हुई हैं। नेहा ने बताया कि सभी लोग खड़े थे तभी टेंट गिरा।
घटना पर दुख जताते पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि शुक्रवार व शनिवार के सांस्कृतिक कार्यक्रम रद कर दिए गए हैं। गोंडा के मनकापुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि श्यामलाल उनके ससुर थे। परिवार के साथ बागेश्वर धाम आए हैं। परिवार के अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।








