पिछले 7 वर्षों में कई बार दहला पंजाब, फिर भी सोए रहे अफसर; अब तक 40 लोगों ने गंवाई जान; पढ़िए कब और कहां हुए धमाके?

Spread the love

श्री मुक्तसर साहिब में पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके ने अधिकारियों की लापरवाही उजागर की है। पिछले 7 वर्षों में पंजाब के बटाला अमृतसर पटियाला तरनतारन और अब मुक्तसर में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में धमाके हुए हैं जिनमें लगभग 40 लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूटी है और अवैध फैक्ट्रियों का संचालन जारी है।

श्री मुक्तसर साहिब में पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बार-बार धमाकों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही है। पिछले सात वर्षों में बटाला, अमृतसर, पटियाला, तरनतारन और अब मुक्तसर शहरों में कई अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में धमाके हो चुके हैं, जिनमें करीब 40 लोगों की जान चली गई। 

अमृतसर : मई 2018

गांव अंगर में एक मकान में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट हुआ, जिससे पूरा मकान ढह गया। इसमें 32 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हुई और 17 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह फैक्ट्री किसी प्रकार के लाइसेंस के बिना चल रही थी और पड़ोसियों को इसकी जानकारी नहीं थी। मृतक के खिलाफ पहले से अवैध निर्माण और अवैध कारोबार के मामले दर्ज थे। 

बटाला : सितंबर 2019

बटाला के रिहायशी इलाके में स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में दोपहर को जोरदार धमाका हुआ। आसपास के घरों और एक धार्मिक स्थल को भी नुकसान पहुंचा। हादसा इतना भयानक था कि 23 लोगों की मौके पर मौत हो गई। करीब 30 लोग घायल हुए। यह फैक्ट्री अवैध रूप से चल रही थी। इसका लाइसेंस 2013 में खत्म हो गया था। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य भर में अवैध पटाखा इकाइयों पर कार्रवाई के आदेश दिए। तीन अधिकारियों को निलंबित भी किया गया। एनडीआरएफ और फोरेंसिक टीमों ने जांच की।

पटियाला : सितंबर 2021

राजपुरा के गांव जंडोली में एक घर में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण हो रहा था। निर्माण के दौरान विस्फोट हो गया। इस हादसे में 12 वर्षीय लड़की की मौत हुई और तीन बच्चे घायल हुए थे।

 

अमृतसर : सितंबर 2024

जंडियाला के गांव नंगल गुरु में एक किराये के मकान में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान धमाका हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई, और पांच लोग घायल हुए। जांच में पता चला कि मकान मालिक की जानकारी के बिना घर में फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस ने मकान मालिक व किरायेदार दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था।

 

तरनतारन : फरवरी 2025

गांव चौधरी वाला में एक घर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका होने से एक महिला की मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर घायल हो गया। उस फैक्ट्री के बारे में लोगों को कुछ ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन जांच में पता चला कि अवैध फैक्ट्री दो साल से चल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »