अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैची धाम : 15 की शाम तक तैयार होगा बाबा को प्रिय मालपुए का महाप्रसाद

Spread the love

विशेष पूजा अर्चना के साथ कैंची धाम में महाप्रसाद निर्माण का श्रीगणेश

आगरा और मथुरा से पहुंचा 50 से अधिक कुशल कारीगरों का दल :

कैंची धाम में गुरुवार को आगरा व मथुरा से पहुंचा 50 से अधिक कुशल कारीगरों का दल विशेष पूजा के बाद बाबा नीब करौरी महाराज को प्रिय मालपुए का महाप्रसाद तैयार करने में जुट गया। करीब छह लाख से अधिक मालपुए बनाने का क्रम स्थापना दिवस 15 जून की शाम तक रात-दिन चलता रहेगा। स्थापना दिवस पर करीब तीन लाख से ज्यादा भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है।

15 की शाम तक तैयार होगा बाबा को प्रिय मालपुए का महाप्रसाद :

नैनीताल जिले में अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर कैची में स्थित बाबा नीम करौरी का धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। स्थापना दिवस पर धाम में मेले की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर प्रबंधन के आलोक चौपड़ा के अनुसार 15 जून को पहले कैंची धाम फिर हनुमानगढ़ी, काकड़ीघाट तथा भूमियाधार स्थित नीब करौरी आश्रम में पूजा पाठ व भोग के बाद ही श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।

एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि कैंची धाम मेले में 14 व 15 जून को भीड़ अधिक होगी। इसके लिए धाम से पहले भवाली व आसपास केवल दो-ढाई हजार वाहनों की पार्किंग की अस्थायी व्यवस्था है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार (काठगोदाम) में पार्क कराकर शटल सेवा शुरू करने की तैयारी है।

पुलिस प्रशासन व मंदिर प्रबंधन भी श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी होने का अंदाजा लगा तैयारियों में जुटा हुआ है। यहां रोजाना पंद्रह से बीस हजार भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं। हल्द्वानी में दबाव बढ़ा तो पुलिस ऊधम सिंह नगर की सीमा पर ही श्रद्धालुओं को आगे की स्थिति की जानकारी देकर सजग करेगी। मेले सकुशल संपन्न कराने के लिए 1000 पुलिस व पीएसी कार्मिकों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »